: 213 वार्डों और 7 गांव से संग्रहित 92 क्विंटल अन्न से बनेगा श्रीरामनवमी का महाप्रसाद,श्रीराम मंदिर की भव्य लाइव पेंटिंग एवं डीजे भजन संध्या होंगे आकर्षण का केंद्र
Admin Sun, Mar 26, 2023
भिलाई । श्रीराम जन्मोत्सव समिति, भिलाई द्वारा निरंतर 38वें वर्ष, 30 मार्च को श्रीरामनवमी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा इस वर्ष इस भव्य आयोजन में भिलाईवासियों की सहभागिता के लिए “एक मुट्ठी दान- श्रीराम के नाम” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत हर घर से महाप्रसाद के लिए अन्न संग्रहण किया जा रहा है। श्रीरामनवमी कार्यक्रम में इस बार श्रद्धालुओं के लिए श्रीराम मंदिर की भव्य लाइव पेंटिंग एवं डीजे भजन संध्या मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति के संरक्षक एवं प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1986 में श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन से प्रेरित होकर खुर्सीपार एचएससीएल कालोनी के एक मंदिर से ध्वजयात्रा निकालकर इसकी शुरूआत की गई थी। विगत 38 वर्षों में यह आयोजन आज मध्य भारत का सबसे बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है, जिसमें अब लगभग 1150 से अधिक मठ-मंदिरों से ध्वजवाहक शोभायात्रा में शामिल होते हैं। समिति को वर्ष 2018 में इस उपलब्धि के लिए गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड्स में स्थान मिल चुका है।पाण्डेय ने बताया कि हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि जिस श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर 500 वर्षों से अधिक समय से संघर्ष चल रहा था, आज उसे वह बनता हुआ देख रहे हैं। श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ ही समिति का भी वह स्वप्न साकार हुआ, जिसके लिए इसकी नींव रखी गई थी। इस वर्ष का यह आयोजन निश्चित तौर पर हम सभी के लिए विशेष हैं और इस अवसर पर प्रत्येक भिलाईवासी की इसमें सहभागिता सुनिश्चित करने “एक मुट्ठी दान- श्रीराम के नाम” अभियान चलाया जा रहा है।
पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान में विगत 16 मार्च से अब तक जिले के विभिन्न निकाय क्षेत्रों के 213 वार्डों एवं 7 गांव से अन्न संग्रहण किया जा चुका है, जिसमें अब तक 92 क्विंटल से अधिक अन्न संग्रहित किया जा चुका है। इस अन्न से श्रीरामनवमी के शुभ अवसर पर महाप्रसाद बनाया जायेगा।
Shriram Janmotsav Samiti Bhilai उन्होंने कहा कि इस अभियान में भिलाईवासियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ सहभागिता दी है, वह अभूतपूर्व है। इस वर्ष कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केंद्र लाइव पेंटिंग होगी, जिसमें अंचल के सुप्रसिद्ध कलाकार प्रमोद साहू, लाइव पेटिंग के माध्यम से श्रीराम मंदिर का सजीव चित्रण मंच पर करेंगे। 30 मार्च को होने वाले मध्य भारत के इस सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर हैं।
आयोजन संबंधी सारी तैयारियों के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया था। वहीं समिति के मुख्य शाखा, महिला शाखा और युवा शाखा द्वारा लगातार अपने – अपने प्रखण्डों में आमजनों को इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इस वर्ष सभी 12 प्रखण्डों से शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसके लिए रूट का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है। यह सभी शोभायात्रा तय रूट से होते हुए रामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचेंगी।
पत्रकारवार्ता के दौरान मुख्य रूप से समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर, जिलाध्यक्ष सेवकराम साहू, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, जिला महामंत्री जोगिंदर शर्मा, युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय, कोषाध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन